फ्लोरिडा में जेलेंस्की–ट्रंप मुलाकात से यूक्रेन युद्ध में शांति की उम्मीद

नई दिल्ली, 28 दिसंबर 2025, 8:48 PM IST — यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने आज अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। यह मुलाकात फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में हुई। बातचीत का मकसद रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए नए शांति समझौते पर आगे बढ़ना है। दोनों नेताओं ने कहा कि बातचीत से रास्ता निकल सकता है।

जेलेंस्की के अमेरिका पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही रूस ने कीव पर बड़ा हमला किया। रूस ने कीव पर करीब 500 ड्रोन और कई मिसाइलें दागीं। इस हमले में दो लोगों की मौत की खबर है। राजधानी कीव के कई हिस्सों में बिजली और हीटिंग बंद हो गई।

फ्लोरिडा रवाना होने से पहले जेलेंस्की ने कहा कि रूस शांति नहीं चाहता। वह ताकत दिखाना चाहता है। इसके बावजूद यूक्रेन बातचीत का रास्ता नहीं छोड़ेगा।

ट्रम्प के साथ बैठक में यूक्रेन ने 20 सूत्रीय शांति योजना पेश की। अधिकारियों के मुताबिक ये योजना 90 प्रतिशत तक तैयार है। ये पहले की 28 बिंदुओं वाली योजना से छोटी और सरल है। पुराने प्रस्ताव को पश्चिमी देशों ने खारिज कर दिया था।

अब भी कई मुद्दे अटके हुए हैं। डोनबास क्षेत्र का भविष्य साफ नहीं है। जापोरिज़्झिया परमाणु संयंत्र का नियंत्रण भी बड़ा सवाल है। युद्ध के बाद यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी पर भी सहमति नहीं बनी है।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जेलेंस्की नए विचार लेकर आए हैं। लेकिन अंतिम फैसला सोच-समझकर होगा। उन्होंने कहा कि शांति सबसे जरूरी है।

अमेरिका आने से पहले जेलेंस्की कनाडा भी गए थे। वहां प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने यूक्रेन को 2.5 अरब डॉलर की मदद देने की घोषणा की। इसके बाद जेलेंस्की ने यूरोपीय नेताओं से ऑनलाइन बैठक की। सभी नेताओं ने यूक्रेन का समर्थन दोहराया।

वहीं रूस का रुख अब भी सख्त है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि डोनबास पर रूस का पूरा नियंत्रण होना चाहिए। उन्होंने यूक्रेन के नाटो में शामिल होने का भी विरोध किया।

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश की सियासत में नई सनसनी जायमा, जिया परिवार की चौथी पीढ़ी की एंट्री

Leave a Comment