दिल्ली प्रदूषण से बेहाल, फैक्ट्रियों पर लगेगा ताला, रेखा गुप्ता सरकार का ऐलान

नई दिल्ली, 22 दिसम्बर 2025, समय-13:13 IST । दिल्ली में प्रदूषण की गंभीरता को देखते हुए रेखा गुप्ता सरकार ने आज सख्त कदम उठाने का ऐलान किया है। सरकार ने प्रदूषण फैलाने वाली सभी फैक्ट्रियों को बंद करने का आदेश दिया है। इन फैक्ट्रियों पर बिना नोटिस दिए ही ताला जड़ दिया जाएगा। इसके अलावा अवैध फैक्ट्रियां भी सील की जाएंगी भले ही वो प्रदूषण न फैला रही हों।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में इसकी घोषणा की। सिरसा ने बताया कि प्रदूषण फैलाने वाली सभी फैक्ट्रियों को बिना नोटिस दिए तत्काल सील किया जाएगा। साथ ही अवैध फैक्ट्रियां भी बंद की जाएंगी।

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि प्रदूषण फैलाने वाली और ओसीईएम के लिए आवेदन नहीं करने वाली फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ये कार्रवाई आज से ही शुरू की जाएगी। दिल्ली में कई टीमें छानबीन कर रही हैं। सरकार ने प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों की पहचान कर ली है और अब उनके ऊपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिरसा ने कहा कि फैक्ट्री मालिकों को पहले ही बहुत मौके दिए जा चुके हैं, इसलिए अब कोई और रियायत नहीं दी जाएगी। आज से उन फैक्ट्रियों को सील करने का काम शुरू किया जाएगा।

सिरसा ने कहा कि दिल्ली में तीन प्रकार की इंडस्ट्रीज हैं – अधिकृत, नियमित और अवैध। सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि सभी अवैध इंडस्ट्रीज को बंद किया जाए, चाहे वो प्रदूषण फैलाती हों या नहीं। इसलिए एमसीडी द्वारा इन पर भी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment