नई दिल्ली, 30 दिसंबर 2025, 9:14 AM IST: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर कथित यूक्रेनी ड्रोन हमले की कड़ी आलोचना की है। इस घटना ने रूस‑यूक्रेन शांति वार्ता पर नया संदेह खड़ा कर दिया है और समझौते की संभावनाओं को जटिल बना दिया है।
इस घटना को लेकर रूस और यूक्रेन के दावे आमने-सामने हैं, जिससे अमेरिका की मध्यस्थता से चल रही बातचीत पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात के बाद ट्रंप ने कहा कि वह इस कथित हमले से “बहुत नाराज़” हैं। ट्रंप के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें बताया कि रूस के नोवगोरोड क्षेत्र में स्थित उनके एक सरकारी आवास पर बड़ा ड्रोन हमला किया गया। ट्रंप ने इसे “गलत समय पर उठाया गया कदम” बताते हुए कहा कि शांति वार्ता इस समय बेहद नाज़ुक दौर में है।
ट्रंप ने पत्रकारों को बताया कि जेलेंस्की से लगभग तीन घंटे की बैठक के कुछ ही घंटों बाद पुतिन ने फोन पर इस घटना की जानकारी दी। व्हाइट हाउस ने ट्रंप-पुतिन बातचीत को “सकारात्मक” बताया, जबकि ट्रंप ने दोहराया कि युद्ध खत्म करने के लिए किसी समझौते तक पहुँचना ज़रूरी है।
President Donald J. Trump delivers remarks after meeting with President @ZelenskyyUa on ending the Russia-Ukraine war:
— The White House (@WhiteHouse) December 28, 2025
“We made a lot of progress… it's very close.” pic.twitter.com/kGOlRUH6BW
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दावा किया कि यूक्रेन ने पुतिन के वाल्दाई स्थित आवास पर 91 लंबी दूरी के ड्रोन दागे, जिन्हें रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया। उन्होंने इस कथित हमले को “लापरवाह” करार देते हुए संभावित जवाबी कार्रवाई के संकेत दिए।
यूक्रेन ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इसे “मनगढ़ंत कहानी” बताया और कहा कि इसका उद्देश्य शांति वार्ता को कमजोर करना है। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि देश अमेरिका की अगुवाई में बन रहे शांति समझौते के प्रति प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि हाल ही में ट्रंप और जेलेंस्की ने कहा था कि शांति समझौते के लगभग 90 प्रतिशत बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है। ऐसे में कथित ड्रोन हमले को लेकर उठा विवाद वार्ता को और मुश्किल बना सकता है।
ये भी पढ़ें- ग्लोब सॉकर अवॉर्ड्स 2025: क्रिस्टियानो रोनाल्डो बने ‘बेस्ट मिडिल ईस्ट प्लेयर 2025’