GATE 2026 Update: एडमिट कार्ड की तारीख टली, IIT गुवाहाटी जल्द बताएगा नई तारीख

गुवाहाटी, 2 जनवरी 2026, 12:12 PM (IST) – GATE 2026 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए ये खबर अहम है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) गुवाहाटी ने GATE 2026 का एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख फिलहाल स्थगित कर दी है। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड पहले 2 जनवरी 2026 को जारी होने थे, लेकिन अब इन्हें बाद में जारी किया जाएगा। IIT गुवाहाटी ने बताया कि नई तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

GATE 2026 की आधिकारिक वेबसाइट पर एक नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि एडमिट कार्ड की तारीख को आगे बढ़ा दिया गया है। हालांकि, इस देरी की वजह अभी नहीं बताई गई है। अचानक हुए इस फैसले से लाखों छात्रों में थोड़ी चिंता जरूर बढ़ गई है।

हालांकि अच्छी बात ये है कि GATE 2026 की परीक्षा तिथियों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये परीक्षा पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार 7, 8, 14 और 15 फरवरी 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा अलग-अलग शिफ्ट में होगी और जिसका पूरा शेड्यूल वेबसाइट पर उपलब्ध है।

हालांकि एडमिट कार्ड में देरी से छात्रों को थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन अधिकारियों ने साफ किया है कि परीक्षा के आयोजन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। GATE 2026 का परिणाम 19 मार्च 2026 को घोषित होने की उम्मीद है।

IIT गुवाहाटी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड से जुड़ी नई जानकारी के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट (https://gate2026.iitg.ac.in/) देखते रहें। एडमिट कार्ड जारी होने के बाद छात्र GOAPS पोर्टल पर अपने एनरोलमेंट आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर इसे डाउनलोड कर सकेंगे।

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र (ID) ले जाना अनिवार्य होगा।

इस साल GATE परीक्षा में कुल 30 पेपर शामिल हैं। छात्र एक या अधिकतम दो पेपर में परीक्षा दे सकते हैं। परीक्षा की तैयारी के लिए वेबसाइट पर मॉक टेस्ट भी उपलब्ध कराए गए हैं।

ये भी पढ़ें- अयोध्या की राजकुमारी सुरिरत्ना कैसे बनीं कोरिया की रानी ह्यो ह्वांग-ओक, जानिए पूरी कहानी

Leave a Comment